कॉलेज की दीवार से भिड़ी बोलेरो, दूल्हे समेत आठ की दर्दनाक मौत

बदायूं : संभल जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बरातियों की बोलेरो कॉलेज की दीवार से टकरा गई। हादसे में दूल्हे समेत आठ लोगों की जान चली गई। बरात बदायूं जा रही थी। जुनावई में मेरठ-बदायूं रोड पर यह हादसा हुआ। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। मेरठ-बदायूं रोड पर शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे बरातियों की बोलेरो अनियंत्रित होकर इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। हादसे में दूल्हे सूरज पाल (20) समेत आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे की बहन, चाची, चचेरी बहन और रिश्तेदार भी शामिल हैं।
संभल के जुनावई थाना क्षेत्र के हरगोविंदपुर गांव निवासी सुखराम ने अपने बेटे सूरज की शादी जनपद बदायूं के थाना बिल्सी इलाके के सिरसौल गांव में तय की थी। शुक्रवार की शाम बरात गांव सिरसौल जा रही थी। बरातियों की 11 गाड़ियां पहले ही सिरसौल के लिए रवाना हो गईं थीं। एक बोलेरो पीछे रह गई थी, जिसमें दूल्हे समेत 10 लोग सवार थे। रास्ते में बोलेरो जुनावई स्थित जनता इंटर कॉलेज की दीवार जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह से घायलों को बोलेरो से बाहर निकला और सीएचसी ले गए।
डॉक्टरों ने दूल्हे सूरज पाल (20), उसकी बहन कोमल (15), चाची आशा (26), चचेरी बहन एश्वर्या (3), चचेरे मामा बुलंदशहर के हींगवाड़ी निवासी सचिन (22), सचिन की पत्नी मधु (20) ममेरा भाई बुलंशहर के खुर्जा निवासी गणेश (2) पिता देवा, गांव निवासी चालक रवि (28) की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल हिमांशी और देवा को अलीगढ़ में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है। बोलेरो कॉलेज की दीवार से टकरा गई थी।