उड़ान भरते ही नीचे क्यों गिरा था प्लेन, पूर्व पायलट ने बताई वजह

दोनों इंजन फेल होने से हुआ था अहमदाबाद विमान हादसा!
नई दिल्ली : अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे की आधिकारिक जांच चल रही है और 12 जुलाई से पहले ही इसकी एक प्राथमिक रिपोर्ट आने की संभावना है। यह हादसा 12 जून को हुआ था। हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की जान चली गई थी। अब कुछ जांचकर्ताओं ने आशंका जताई है कि क्या विमान के दोनों इंजन एक साथ फेल हो गए थे? एयरलाइन और जांचकर्ता मिलकर इस बात का पता लगा रहे हैं। उनका मानना है कि शायद इसी वजह से बोइंग ड्रीमलाइनर-787 विमान हवा में नहीं रह पाया।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक अलग जांच के लिए एयर इंडिया के पायलटों ने एक फ्लाइट सिम्युलेटर में उड़ान भरी। उन्होंने विमान की स्थिति को हादसे के समय जैसा ही रखा। लैंडिंग गियर नीचे थे और विंग फ्लैप ऊपर। पायलटों ने पाया कि सिर्फ इन सेटिंग्स से विमान क्रैश नहीं हो सकता। यह जानकारी जांच से जुड़े लोगों ने दी है। उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर यह बात बताई। जांचकर्ताओं को एक और चीज पता चली है। विमान के टकराने से कुछ सेकंड पहले इमरजेंसी पावर टर्बाइन चालू हो गया था। इससे तकनीकी खराबी की आशंका और बढ़ गई है।
यह सिम्युलेटेड उड़ान एएआईबी की आधिकारिक जांच से अलग थी। इसे संभावित कारणों का पता लगाने के लिए किया गया था। 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एआई-171 विमान में जनरल इलेक्ट्रिक (GE) कंपनी के दो इंजन लगे थे। वीडियो में देखा गया कि विमान को उड़ान भरने के बाद ऊंचाई हासिल करने में मुश्किल हो रही थी। फिर वह वापस जमीन पर आ गया और उसमें धमाका हो गया। बोइंग कंपनी ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने सारे सवाल के जवाब AAIB को भेज दिए हैं। GE कंपनी ने कहा है कि अभी जांच चल रही है, इसलिए वे कुछ नहीं कह सकते। AAIB और एयर इंडिया ने भी कोई जवाब नहीं दिया है।