उत्तर प्रदेशराज्य

सपा नेता गुलशन यादव की बढ़ीं मुश्किलें, 25 हजार का इनाम घोषित

7 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क, 53 केस दर्ज, एक साल से फरार

प्रतापगढ़ : जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रतापगढ़ पुलिस ने गुलशन यादव की गिरफ्तारी के लिए 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। यह इनाम खुद पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने घोषित किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, गुलशन यादव पर हत्या की कोशिश, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 53 मुकदमे दर्ज हैं। ये मुकदमे प्रतापगढ़ और प्रयागराज के कई थानों में दर्ज हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, गुलशन यादव पिछले एक साल से फरार हैं। साल 2024 में मानिकपुर थाने में उन पर एक नया केस दर्ज हुआ, जिसमें पुलिस द्वारा कुर्क किए गए आम बेचने का आरोप है।

गुलशन यादव की अवैध संपत्ति पर भी प्रशासन का शिकंजा कस चुका है। जिलाधिकारी के आदेश पर अब तक 7 करोड़ 15 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। 2.5 करोड़ की प्रॉपर्टी (मकान और प्लॉट) प्रतापगढ़ और लखनऊ में। 1 करोड़ 10 लाख की ज़मीन, जो उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम पर लखनऊ के शारदा नगर में थी, गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई है। गुलशन यादव का नाम 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चा में आया था, जब उन्होंने कुंडा से राजा भैया के खिलाफ समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली। खास बात ये है कि एक समय गुलशन यादव, राजा भैया के करीबी माने जाते थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच तीखी राजनीतिक लड़ाई शुरू हो गई।

Related Articles

Back to top button