उत्तर प्रदेशराज्य

मथुरा में होटल-धर्मशाला होने लगे फुल, अबकी 60 लाख श्रद्धालु आएंगे!

मथुरा : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। यातायात से लेकर भीड़ प्रबंधन तक, हर इंतजाम पुख्ता होंगे। खुफियां एजेंसियों ने जन्माष्टमी के दिन 16 अगस्त को 55 से 60 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई है। दरअसल, तीन दिन की लगातार छुट्टी होने से इस बार अधिक भक्तों के आने के आसार हैं। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिहाज से आगरा रेंज से लेकर शासन स्तर तक से अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई है। एसएसपी का कहना है कि करीब चार हजार जवान पुलिस, आरएएफ, पीएसी रेंज और जोन स्तर से उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं शासन स्तर से भी करीब एक हजार जवानों का फोर्स मिलेगा।

डीएम चंद्रप्रकाश सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है। ब्रज का यह सबसे बड़ा आयोजन है। पिछली बार 45 से 46 लाख श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होने आए थे। यह आंकड़ा साल दर साल बढ़ता जा रहा है। इस बार 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। शहर के भीतर श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारिकाधीश को आने वाले प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी होगी। कई स्थानों पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे।

15 से 17 अगस्त तक तीन दिन की लगातार छुट्टी होने से श्रद्धालुओं ने एक सप्ताह पहले ही होटल और धर्मशालाओं में बुकिंग शुरू कर दी है। ऐसे में मथुरा-वृंदावन में देशी-विदेशी पर्यटकों का सैलाब उमड़ने वाला है। होटल-धर्मशालाओं के अलावा आश्रम, गेस्ट हाउस भी श्रद्धालुओं से भरे रहेंगे। शहर के बड़े होटल ऑनलाइन बुकिंग के जरिए 15 से 17 अगस्त तक अभी से फुल होने लगे हैं। मथुरा-वृंदावन होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रति वर्ष जन्माष्टमी पर उत्साह देखने लायक होता है। जिले में 900 से अधिक होटल और गेस्ट हाउस हैं, जबकि 500 से अधिक आश्रम हैं। लोगों ने अभी से ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है।

रात दो बजे होंगे ठाकुरजी के दर्शन
जन्मभूमि संस्थान के पदाधिकारियों ने मंगलवार को सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांट दी है। जन्मभूमि संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि 16 अगस्त को रात 11 बजे से मंदिर में ठाकुरजी के जन्मोत्सव के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। रात 12 बजे ठाकुरजी का अभिषेक किया जाएगा। साथ ही रात 2:00 बजे तक भक्त कान्हा के दर्शन कर सकेंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सीईओ एसबी सिंह ने बताया है कि योगी सरकार ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए उसे विश्वस्तरीय पहचान दिलाने में जुटी हुई है। ब्रज के इस उत्सव को बड़े पैमाने पर आयोजित कर सरकार न केवल श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है, बल्कि स्थानीय कला और कलाकारों को भी एक बड़ा मंच प्रदान कर रही है। यह उत्सव धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button