देश-विदेश

अपने 40 वर्षों के जीवन में पेशवा बाजीराव ने अमर इतिहास लिखा : अमित शाह

गृहमंत्री ने ‘श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा’ की प्रतिमा का किया अनावरण

पुणे : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को महाराष्ट्र दौरे पर हैं। वे गुरुवार रात को पुणे पहुंचे थे। यहां शाह चार कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सबसे पहले उन्होंने पुणे के पास खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में ‘श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा’ की प्रतिमा का अनावरण किया। 13.5 फुट ऊंची, 4,000 किलोग्राम वजन की कांस्य प्रतिमा श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा प्रतिष्ठान की ओर से एनडीए को दान की गई है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के प्रशिक्षुओं से बातचीत भी की।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि मराठा साम्राज्य के योद्धा पेशवा बाजीराव के स्मारक के लिए पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) परिसर सबसे उपयुक्त स्थान है। शाह ने एनडीए परिसर में प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि एनडीए उनके स्मारक के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है, क्योंकि यह वह अकादमी है, जहां सैन्य नेतृत्व को प्रशिक्षित किया जा रहा है। अगर शिवाजी महाराज की ओर से शुरू की गई और पेशवाओं की ओर से 100 वर्षों तक आगे बढ़ाई गई स्वतंत्रता की लड़ाई नहीं लड़ी गई होती, तो भारत का मूल ढांचा अस्तित्व में नहीं होता। अपने 40 वर्षों के जीवन में पेशवा बाजीराव ने एक अमर इतिहास लिखा, जिसे कोई अन्य व्यक्ति नहीं लिख सकता।’
विज्ञापन

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल समेत अन्य लोग इस समारोह में शामिल हुए। यहां से शाह कोंढवा में जयराज खेल एवं सम्मेलन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। वह खादी मशीन चौक स्थित बालासाहेब देवड़ा अस्पताल का दौरा भी करेंगे। इसके बाद वडाचीवाड़ी में हेल्थ सिटी की आधारशिला रखेंगे। वे बाद में अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे।

Related Articles

Back to top button